Thursday, March 17, 2011

वरिष्‍ठ नागरिकों की देखरेख

विद्या भूषण अरोड़ा
हम एक ऐसी दुनिया में रह रहे हैं जहां वृद्ध लोगों की संख्‍या बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ वर्षों से दुनिया की आबादी में बहुत बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। दुनिया में उच्‍च जन्‍म दर एवं उच्‍च मृत्‍यु दर के स्‍थान पर अब निम्‍न जन्‍म दर एवं निम्‍न मृत्‍यु दर की प्रवृत्‍ति देखी जा रही है जिसका परिणाम वृद्धजनों की संख्‍या और अनुपात में बहुत वृद्धि के रूप में सामने आया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की रिपोर्ट के अनुसार सभ्‍यता के इतिहास में ऐसी तीव्र, विशाल और सर्वव्‍यापी वृद्धि पहले कभी नहीं देखी गई। विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने अनुमान व्‍यक्‍त किया है कि दुनिया भर में 60 वर्ष की उम्र के करीब 60 करोड़ व्‍यक्‍ति हैं तथा 2015 तक यह संख्‍या दुगुनी हो जाएगी और 2050 तक 60 वर्ष के व्‍यक्‍तियों की संख्‍या वस्‍तुत: दो अरब हो जाएगी। इनमें से ज्‍यादातर लोग विकासशील जगत के होंगे।
संयुक्‍त राष्‍ट्र सचिवालय, आर्थिक एवं सामाजिक मामले विभाग के आबादी प्रभाग के अनुसार वर्तमान जनसांख्यिकीय क्रांति आने वाली सदियों तक जारी रहने की संभावना है। इसकी प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं- हर दस व्‍यक्तियों में से एक व्‍यक्ति अब 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र का है, वर्ष 2050 तक हर पांच में से एक व्‍यक्ति 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र का हो जाएगा और 2150 तक हर तीन व्‍यक्तियों में से एक 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र का होगा। इसी प्रकार वृद्ध आबादी और भी बूढ़ी होती जा रही है। वृद्धों की आबादी में सबसे बूढ़े (80 वर्ष या उससे अधिक) व्‍यक्तियों का वर्ग बड़ी तेजी से बढ़ता जा रहा है। फिलहाल इनकी संख्‍या 60 से अधिक आयु वर्ग का 13 प्रतिशत है तथा 2050 तक यह बढ़कर 20 प्रतिशत हो जाएगी। शतायु व्‍यक्तियों( 100 वर्ष या उससे अधिक उम्र के व्‍यक्ति) की संख्‍या 2005 में 265,000 से बढ़कर 2050 तक 37 लाख होने अर्थात इनकी आबादी में लगभग 14 गुणा वृद्धि होने की संभावना है।
इस तरह की जनसांख्यिकीय हालत नीतिगत स्‍तर पर नए सिरे से विचार की आवश्‍यकता पर बल देती है ताकि वैज्ञानिकों को इस बदलते परिदृश्‍य के लिए सुसज्जित किया जा सके जहां न सिर्फ वृद्धजनों की देखरेख महत्‍वपूर्ण होगी बल्कि वरिष्‍ठ नागरिकों की क्षमताओं का पूरी तरह इस्‍तेमाल करने के तरीके तलाशने पर भी बराबर बल दिया जाना चाहिए। शायद वह समय आ गया है जब हमें वृद्ध नागरिकों के बारे में अपने दृष्टिकोण और नज़रिए में बदलाव करना बहुत आवश्‍यक हो गया है। इसके अतिरिक्‍त उनकी प्रत्‍यक्ष सीमाओं के बार में अपनी धारणाओं में भी बदलाव करने का समय आ गया है। वैज्ञानिकों को वृद्धजनों के अनुभव और निष्क्रिय क्षमताओं का लाभ उठाना सीखना चाहिए तथा इस नई चुनौती का सामना करने के लिए ज़रूरी ढांचागत और अन्‍य आवश्‍यक बदलाव भी करने चाहिए।
जैसा कि संयुक्‍त राष्‍ट्र के दस्‍तावेज़ वृद्ध समाज के निहितार्थ के खंड नीतिगत विमर्श में टिप्‍पणी की गई है – "विशिष्‍टता का सम्‍मान वृद्ध नागरिकों के योगदान को समाज द्वारा आत्‍मसात करने के महत्‍व को प्रकट करता है। ज्ञान, बुद्धि और अकसर आयु बढऩे के साथ-साथ बढ़ता है। वह आंतरिक जागरूकता का हिस्‍सा है जिसका व्‍यापार नहीं किया जा सकता, जिसे बेचा नहीं जा सकता या चुराया नहीं जा सकता। लेकिन समाज के हर क्षेत्र में हमारी सृजनात्‍मक क्षमता बढ़ाने के लिए इसका सक्रिय और विस्‍तृत इस्‍तेमाल किया जाना चाहिए।"हर साल पहली अक्‍तूबर का दिन दुनिया भर में अंतर्राष्‍ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने वृद्ध व्‍यक्‍तियों के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र अंतर्राष्‍ट्रीय दिवस के लिए कुछ उद्देश्‍य निर्धारित किए हैं जिनमें संयुक्‍त राष्‍ट्र में वैश्‍विक वृद्ध कार्यक्रम और कार्यनीतियों की वर्तमान अवस्‍था से निपटना, वृद्धावस्‍था के संदर्भ में सहस्राब्‍दी विकास लक्ष्‍यों की समीक्षा करना तथा नूतन पहल की पहचान करना शामिल है जो वृद्धावस्‍था के बारे में वैश्‍विक एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। यह संयुक्‍त राष्‍ट्र की गतिविधियों में वृद्धावस्‍था को और व्‍यापक रूप में शामिल करने की आवश्‍यकता पर बल देता है।
भारत में वृद्धजनों की आबादी
हमारे देश में वृद्ध लोगों की आबादी स्‍थायी रूप से बढ़ती जा रही है तथा सामान्‍य आबादी की तुलना में इसका ज्‍यादा तेजी से बढऩे का अनुमान है। वरिष्‍ठ नागरिकों की आबादी बढ़कर 2011 तक करीब 10 करोड़, 2016 तक 12 करोड़ और 2026 तक 17 करोड़ से अधिक होने का अनुमान है।
2001 की जनगणना के अनुसार वरिष्‍ठ नागरिकों द60 +½ की कुल आबादी 7 करोड़ 70 लाख थी जिसमें से पुरुषों की आबादी 3 करोड़ 80 लाख और महिलाओं की आबादी 3 करोड़ 90 लाख थी। कुल आबादी में वरिष्‍ठ नागरिकों की औसत संख्‍या 7.5 प्रतिशत है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्‍तराखंड, हरियाणा, ओड़ीशा, महाराष्‍ट्र, आन्‍ध्र प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में वरिष्‍ठ नागरिकों की संख्‍या राष्‍ट्रीय औसत (7.5 प्रतिशत) से अधिक है।
वर्ष 1991 में कुल आबादी के 6.8 प्रतिशत लोगों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक थी। यह संख्‍या 2026 में 12.4 प्रतिशत होने का अनुमान है। पिछले कुछ वर्षों से स्‍वास्‍थ्‍य देखरेख सुविधाओं में सुधार भारत में वरिष्‍ठ नागरिकों की आबादी का अनुपात निरंतर बढऩे का मुख्‍य कारण है। वे न सिर्फ लम्‍बा जीवन जिएं बल्कि सुरक्षित, प्रतिष्ठित और उत्‍पादक जीवन जिएं यह सुनिश्चित करना एक प्रमुख चुनौती है। वरिष्‍ठ नागरिकों की कुछ मुख्‍य समस्‍याओं में सुरक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य देखरेख एवं रखरखाव की ज़रूरत शामिल हैं जिन पर स्‍थायी रूप से ध्‍यान देने की ज़रूरत है।
राष्‍ट्रीय वृद्धजन नीति 1999 संशोधनाधीन
भारत सरकार ने वृद्धजनों का कल्‍याण सुनि‍श्चित करने की प्रतिबद्धता को और पुष्‍ट करने के लिए जनवरी, 1999 में पहली राष्‍ट्रीय वृद्धजन नीति की घोषणा की थी। इस नीति में वृद्धजनों की वित्‍तीय एवं खाद्य सुरक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य देखरेख, आवास तथा अन्‍य ज़रूरतें, विकास में बराबर की हिस्‍सेदारी, दुर्व्‍यवहार एवं शोषण से सुरक्षा तथा उनके जीवन स्‍तर में सुधार लाने के लिए सेवाओं की उपलब्‍धता सुनिश्चित करने के लिए राज्‍य की सहायता पर बल दिया गया है।
इस नीति की घोषणा को दस वर्ष हो चुके हैं। देश में वरिष्‍ठ नागरिकों की बदलती जनांकिकी के मद्देनजऱ सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने जनवरी 2010 में समिति गठित की। सामान्‍य तौर पर वरिष्‍ठ नागरिकों संबंधी विविध मसलों की वर्तमान स्थिति तथा विशेष रूप से राष्‍ट्रीय वृद्धजन नीति, 1999 के कार्यान्‍वयन का आकलन करने के लिए यह समिति गठित की गई है। समिति नई राष्‍ट्रीय वृद्धजन नीति के लिए मसौदे पर कार्य कर रही है। समीक्षा समि‍ति की अब तक चंडीगढ़, चेन्‍नई, मुम्‍बई, गुवाहाटी और भुबनेश्‍वर में पांच बैठक तथा पांच क्षेत्रीय बैठक हो चुकी हैं। आशा है कि समीक्षा समिति दिसम्‍बर के आखिर तक अपनी सिफारिशें सौंप देगी।
माता-पिता एवं वरिष्‍ठ नागरिकों का अनुरक्षण एवं कल्‍याण अधिनियम, 2007
माता-पिता एवं वरिष्‍ठ नागरिकों के लिए ज़रूरत आधारित अनुरक्षण तथा उनका कल्‍याण सुनिश्चित करने के लिए दिसम्‍बर 2007 में माता-पिता एवं वरिष्‍ठ नागरिकों का अनुरक्षण एवं कल्‍याण अधिनियम, 2007 बनाया गया। यह अधिनियम अन्‍य बातों के साथ, न्‍यायाधिकरणों के जरिए बाध्‍यकारी एवं न्‍यायोचित बनाकर बच्‍चों/रिश्‍तेदारों द्वारा माता-पिता/वरिष्‍ठ नागरिकों का अनुरक्षण, रिश्‍तेदारों द्वारा अनदेखी के मामले में वरिष्‍ठ नागरिकों द्वारा संपत्ति के अंतरण के निरसन, वरिष्‍ठ नागरिकों के परित्‍याग के लिए जुर्माने के प्रावधान तथा वरिष्‍ठ नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा जैसा संरक्षण उपलब्‍ध कराता है।
यह अधिनियम अलग-अलग राज्‍य/केन्‍द्र शासित प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचना के जरिए राज्‍य में प्रभावी होता है। फिलहाल यह अधिनियम 22 राज्‍यों और सभी केन्‍द्र शासित प्रदेशों में अधिसूचित हो गया है। इस अधिनियम को अधिसूचित करने वाले राज्‍यों को अधिनियम के विविध प्रावधानों के प्रभावी कार्यान्‍वयन के लिए और उपाय करने की भी ज़रूरत है। इन उपायों में नियम बनाना, अनुरक्षण अधिकारी नियुक्‍त करना और अनुरक्षण एवं अपील न्‍यायाधिकरण इत्‍यादि गठित करना शामिल है।
अब तक, नौ राज्‍यों छत्‍तीसगढ़, गुजरात, केरल, मध्‍य प्रदेश, ओड़ीशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल ने उल्‍लेखित सभी आवश्‍यक कदम उठाए हैं। केन्‍द्र सरकार इस संबंध में जल्‍दी से जल्‍दी आवश्‍यक कार्रवाई करने के लिए शेष राज्‍यों/केन्‍द्र शासित प्रदेशों को निरंतर स्‍मरण करा रही है।
एकीकृत वृद्धजन कार्यक्रम
मंत्रालय 1992 से एकीकृत वृद्धजन कार्यक्रम नामक केन्‍द्रीय क्षेत्र की योजना कार्यान्वित कर रहा है। इस योजना का उद्देश्‍य वरिष्‍ठ नागरिकों की बुनियादी ज़रूरतें, विशेष रूप से आवास, भोजन एवं अभावग्रस्‍त वृद्धजनों की स्‍वास्‍थ्‍य देखरेख जैसी आवश्‍यकता पूरी करके उनके जीवन स्‍तर में सुधार करना है। इस योजना के तहत, वृद्धाश्रम, डे केयर केन्‍द्र और सचल चिकित्‍सा इकाई चलाने एवं उनके अनुरक्षण के लिए स्‍वयं सेवी संगठनों को परियोजना लागत की 90 प्रतिशत तक सहायता उपलब्‍ध कराई जाती है। वर्ष 2009-10 के दौरान, 345 वृद्धाश्रम, 184 डे केयर केन्‍द्र और 27 सचल चिकित्‍सा इकाई चलाने के लिए इस योजना के तहत 360 स्‍वयं सेवी संगठनों की सहायता की गई। औसतन करीब 35,000 लाभार्थी हर साल इस योजना के दायरे में लाए जार रहे हैं।

Wednesday, March 16, 2011

माया के जन्‍मदिन पर कटा 55 किलो का मायावी केक

इटावा में बसपा समर्थकों ने माननीय मुख्यमंत्री मायावती का 55वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर 55 किलो का केक काटकर 'बहन तुम जियो हजारो साल, साल के दिन हो पचास हजारÓ के गगन भेदी नारे लगाए गए। इस दौरान मुख्य-अतिथि लखना विधायक भीमराव अंम्बेडकर ने मिशन 2014 को लक्ष्य बनाकर मायावती को प्रधनमंत्री की कुर्सी पर पहुँचाने का संकल्प लिया।
विधायक ने मायावती की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने गरीबों के हित में पहली बार जनहित सेवा गारन्टी कानून लागू करके निराश्रितों, मजलूमों को बेहतरीन तौफा दिया है। उन्होनें बताया कि इस कानून के लागू होने पर अधिकारी द्वारा एक बार से अधिक बार बुलाये जाने की शिकायत प्रार्थी द्वारा किये जाने पर सम्बन्धित अधिकारी के वेतन से 250.00 रू0 प्रतिदिन के हिसाब से काटा जायेगा।
इटावा सदर विधायक महेन्द्र सिंह राजपूत ने जिले के रूके हुए विकास कार्य कराने तथा हाल ही में अबमुक्त हुए साढ़े तीस करोड़ की योजनाओं की स्वीकृति मिलने की बात कही। उन्होनें विकास कार्यों की जानकारी गाँव से निकल कर खेत खलिहान तक पहुँचाने की अपील करके मुख्यमंत्री मायावती की दीर्घायु की कामना की।
जिला प्रभारी लाखन सिंह जाटव, जसकरन सिंह कठेरिया, पूर्व विधायक रवीन्द्र सिंह चौहान, ब्लाक प्रमुख महेवा मनीषा, सविता आदि ने मुख्यमंत्री मायावती को न्याय की देवी की संज्ञा देकर विकास कार्यों की जानकारी दी।

लालची इंसान की नजर खुदा की जमीन पर!

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक ऐसा भंडाफोड़ हुआ है जिससे पता चलता है भले ही इंसान रात-दिन खुदा या भगवान की इबादत और प्रार्थना के गीत गाता हो लेकिन अपना उल्लू सीधा करने के लिए वह खुदा को भी बखूबी इस्तेमाल करता है।
भारतीय संविधान के मुताबिक वक्फ़ संपत्ति को सीधे-सीधे खुदा की संपत्ति माना जाता है। लेकिन अब खुदा की संपत्ति पर खुदा के कुछ चालाक बंदों ने ऐसी भूखी नजर जमा दी है कि उसे पूरे का पूरा निगल कर अपने नाम करने में तुले हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट  कई मर्तबा इस भूमि के संरक्षण के आदेश दे चुका है, इसके बावजूद मुजफ़्फरनगर में वक्फ़ संपत्ति के लगातार बैनामे हो रहे हैं।
वक्फ़ की करीब साढ़े तीन हजार बीघा जमीन को आधिकारियों और भूमाफियाओं ने मिलकर नीलाम कर दिया है। वक्फ़ की संपत्ति में खातोली की शुगर मिल एवं रेलवे  स्टेशन भी शामिल है। नियम के मुताबिक जो संपत्ति एक बार वक्फ़ हो जाती है, उसका मालिक सीधे-सीधे अल्लाह हो जाता है! उस संपत्ति को न तो बेचा जा सकता है और न ही उसके स्वरूप में परिवर्तन हो सकता है। लेकिन यहां भारतीय संविधान की खुली धज्जियां उड़ाते हुए ऐसा कारनामा किया गया है।
वक्फ़ मामलों के अधिवक्ता महफूज खां राठौर का कहना है कि वक्फ़ संपत्तियों के बैनामे नहीं हो सकते, लेकिन यहां 250 से अधिक ऐसे मामले प्रकाश में आए हैं। ये मामले अदालत में विचाराधीन हैं। उनका कहना है कि ये बैनामे अफसरों और भूमाफियाओं की मिलीभगत से हुए। वक्फ बोर्ड के अधिवक्ता ए.डी.एम.के. राठौर और वक्फ अलमदार हुसैन के मुतवल्ली अली परवेज जैदी का कहना है कि ये संपत्ति उनके बुजुर्गो ने वक्फ की थी, जिस पर आजादी के बाद से लगातार कब्जे होते आ रहे हैं और इस बाबत वे मुजफ्फरनगर से लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय तक में मुकदमे लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि शेखपुरा गांव को वर्ष 1916 में वक्फ़ करार  दिया गया था, जहां लगभग चार हजार बीघा कीमती जमीन मौजूद थी। लेकिन वफ्फ़ हुई संपत्ति पर भूमाफियाओं की पहले से ही तीखी नजर थी। यहां की जानसठ तहसील के आधिकारियों ने भूमाफियाओं से मिलीभगत करके इस पूरे गांव को बेच डाला और भूमाफियाओं के नाम बैनामे करके दाखिल खारिज भी करा दिया गया।
बसपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य शाह नवाज राना का कहना है कि इस मामले पर वक्फ बोर्ड गंभीर है। जिला स्तर पर अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी लोगों को बक्शा नहीं जाएगा, बोर्ड की अगली बैठक में इस मामले को उठाया जाएगा।

आजम खां पर चलेगा देश-द्रोह का मुकदमा

अदालत ने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के कश्मीर पर दिए गए विवादास्पद बयान को गंभीरता से लेते हुए उन पर देश-द्रोह का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
जिला अदालत ने सदर कोतवाली पुलिस को तीन दिन के अंदर धारा 124 (क) के तहत मुकदमा दर्ज कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
तीन जनवरी को बजरंग दल के संयोजक उज्ज्वल गुप्ता ने अदालत में एक प्रार्थना पत्र दाखिल किया था जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के कश्मीर पर दिए गए बयान को देश-द्रोह का काम बताया था।
सीजीएम पवन प्रताप सिंह ने दोनो पक्षों को सुनने के बाद कोतवाली पुलिस को तीन के अंदर रिपोर्ट देने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि आजम खां ने 21 दिसम्बर 2010 को बदायूं मे मीडिया से रुबरु होते हुए कहा था, 'यूपीए सरकार में सिर्फ एक मुस्लिम कैबिनेट मंत्री गुलाम नबी आजाद हैं, जो उस कश्मीर के रहने वाले हैं जिसका भूगोल अभी तक तय नहीं है कि वह भारत का हिस्सा है या पाकिस्तान का।'


सिकुड़ता सुंदरबन, फैलती चिंताएँ

 संदीप सिसोदिया

अंतिम आश्रयविलुप्ति की कगार पर खड़े शानदार रॉयल बंगाल टाइगर के अंतिम शरण स्थल सुंदरवन को अपने विशिष्ट प्राकृतिक परिवास और प्रजातियों के लिए विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त है।
इस क्षेत्र में बसे बासंती, कुल्ताली, पाथारप्रतिमा और सागर जैसे छितरे हुए द्वीपों को जलवायु परिवर्तन का सबसे ज्यादा खतरा है। अत्यधिक गरीब तथा पिछडे इन इलाकों में हालत वैसे ही बहुत खराब हैं ऊपर से मौसम की मार यहाँ के रहवासियों के जीवन-यापन का ही संकट पैदा कर देगी।
पानी से घिरे इन छोटे द्वीपों पर रहने वाले जैसे-तैसे जंगल से उपलब्ध अल्प-संसाधनों से जीविका चलाते हैं। बढ़ता पानी इन द्वीपों की मिट्टी काट इन्हें डूबाता जा रहा है जिसमें वजह से इनके शरणार्थी हो जाने का खतरा बना हुआ है।
ऐसा नहीं है कि सिर्फ इंसान ही इस विपदा के मारे है। अगर सुंदरबन का कुछ हिस्सा पानी में डूबता है तो जंगली जानवर भी बची-खुची जमीन की तरह जाएँगे जिस पर पहले ही इंसान अपना हक जमा चुका है। गौरतलब है कि विलुप्ति की कगार पर खड़े शानदार रॉयल बंगाल टाइगर के अंतिम शरण स्थल सुंदरवन को अपने विशिष्ट प्राकृतिक परिवास और प्रजातियों के लिए विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त है।
जमीन बचाने के इस महासंग्राम में कई दशकों से मैंग्रोव जंगलों और प्राकृतिक नहरों के जाल से समुद्र की लहरों पर लगाम लगाए 'समुद्रबन' के छोटे-बड़े कई द्वीप अब यह लड़ाई हार रहे हैं और धीरे-धीर ऊँचे होते जा रहे जलस्तर के आगे नतमस्तक हो रहे हैं।

सुंदरबन के आखिरी रक्षक  कम होते बाघों से सिकुड़ता 'समुद्रवन'
बंगाल की खाड़ी के मुहाने पर स्थित 7,900 वर्ग मील क्षेत्रफल में फैला सुंदरबन मैंग्रोव पारिस्थिति तंत्र दुनिया का सबसे बड़ा मैंग्रोव क्षेत्र तथा भारत और बांग्लादेश का एकमात्र मैंग्रोव जंगल है, जहाँ आज भी बाघ (टाइगर) अपनी दहाड़ से अपने अस्तित्व का परिचय देते यहाँ स्वछंद विचरण करते हैं। दुरूह दलदली क्षेत्र में फैले और 'बाघादेव' द्वारा संरक्षित सुंदरबन के बारे में भारत तथा बांग्लादेश में बहुत चर्चा नहीं है पर इतना तो पता चल ही चुका है कि सुंदरबन के इस रक्षक को अब कम होते क्षेत्र, घटते शिकार और शिकारियों के कारण भारी नुकसान हो रहा है। इसी तरह प्राकृतिक आपदाओं व मनुष्य की गतिविधियों से बाघों की शरणस्थली मैंग्रोव जंगल भी अब तेजी से खत्म होते जा रहे हैं।
प्राकृतिक आपदाओं से बचाव :
समुद्र तट को ताकतवर लहरों, तूफानों, यहाँ तक कि सुनामी तक से बचाने वाली इस मैंग्रोव रक्षापंक्ति का निर्माण होता है ताजे पानी और खारे पानी के मिलन से बनने वाले तलछ्ट पर। इसकी दलदली मिट्टी अत्यंत उपजाऊ होती है और मैंग्रोव के लिए आदर्श मानी जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस क्षेत्र में बहुतायत से मिलने वाले सुंदरी (मैंग्रोव की एक प्रजाति) के वृक्षों के नाम पर इसे सुंदरबन कहा जाता है। इसका एक बड़ा क्षेत्र बांग्लादेश में है।
बताया जाता है कि सुंदरबन के लगभग पाँच प्रतिशत बाघ आदमखोर हैं। यह अनुमान उम्मीद से ज्यादा भी हो सकता है क्योकि पिछले दो सालों में प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध तरीके से लोगों की घुसपैठ बढ़ी है। पिछले 2000 सालों के विकासक्रम से गुजर चुके सुंदरवन मैंग्रोव क्षेत्र में पशु-पक्षियों की अनेकों प्रजातियों को आसरा मिला हुआ है। इसे 1973 में टाइगर रिजर्व के रूप में घोषित कर दिया गया था और 1984 में इसे सुंदरवन राष्ट्रीय उद्यान बनाया गया। 1997 में इसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का दर्जा दिया गया।
घटती तादाद पर चिंता :
सुंदरबन के बाघों की घटती तादाद पर 'टाइगर कंसर्वेशन लैंडस्केप ऑफ ग्लोबल प्रायोरिटी' के एक विस्तृत अध्ययन पर आधारित रिपोर्ट बनाई जा रही है। इस अध्ययन का मकसद है मैंग्रोव जंगलों में बाघों की विकास-प्रक्रिया को समझना, उनकी संख्या की सही जानकारी तथा बाघों और मनुष्यों के बीच लगातार बढ़ती मुठभेड़ों के कारणों को पता करना। इसका एक और मकसद यह भी पता लगाना है कि सुंदरबन के अस्तित्व के लिए बाघों का होना कितना जरूरी है।
हाल के वर्षों में सुंदरबन में बाघों द्वारा लोगों पर हमले की घटनाओं में अचानक इजाफा हुआ है। अमूमन हर साल 15-20 से अधिक ऐसी घटनाएँ दर्ज की जाती हैं जिनमें से कुछ में ही भाग्यशाली मनुष्य जिंदा बच पाते हैं। दूरस्थ इलाकों की घटनाएँ तो अकसर पता ही नहीं चल पातीं या लोग इन्हें दर्ज नहीं करवाते। दरअसल सुंदरबन का बहुत-सा क्षेत्र लोगों के लिए प्रतिबंधित है, पर मछुआरे और लकड़ी तथा शहद बटोरने वाले अकसर चोरी-छिपे इन जंगलों में घुस जाते हैं।
यह क्षेत्र जो कि रिजर्व का बफर जोन है, दरअसल टाइगर टेरिटरी होता है। आमतौर पर हर बाघ अपने इलाके अपने मूत्र या मल से चिह्नित करते हैं, पर सुंदरबन में हर रोज आने वाले ज्वार व इस क्षेत्र में अकसर होने वाली भारी बरसात इन निशानों को धो देती है जिस वजह से यहाँ बाघ अपना क्षेत्र चिह्नित नहीं कर पाते और अकसर भटकते हुए मानव बस्ती या जंगल के किनारे रहने वालों के पास पहुँच जाते हैं।
आतंक के प्रतीक :
बताया जाता है कि सुंदरबन के लगभग पाँच प्रतिशत बाघ आदमखोर हैं। यह अनुमान उम्मीद से ज्यादा भी हो सकता है क्योकि पिछले दो सालों में प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध तरीके से लोगों की घुसपैठ बढ़ी है। इसका एक कारण यह भी है कि अंडमान-निकोबार में आई सुनामी के बाद काफी बड़े स्तर पर निर्माण कार्य जारी था जिसमें बड़ी संख्या में सुंदरबन के लोगो को वहाँ रोजगार मिला था पर काम के पूरे होने के बाद लोग वापस अपने क्षेत्रों में लौट आए हैं और रोजी-रोटी की तलाश में प्रतिस्पर्धा के चलते बहुत से लोग प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से भी गुरेज नहीं करते हैं। गैरसरकारी आँकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि पिछले साल कुल 50 से अधिक लोग बाघ के हमलों में मारे गए व ज्यादातर हमले उत्तर-पश्चिम में हुए जो कि 1225 वर्ग किलोमीटर में फैले बफर जोन में आता हैं।
प. बंगाल सरकार द्वारा हर साल 40 हजार से ज्यादा लोगो को जंगल से शहद व वनोपज एकत्र करने, मछली पकडऩे का परमिट दिया जाता है, पर पैसा कमाने के लालच में हजारों लोग अवैध रूप से इन जंगलों और तटों पर वनोपज इक_ा करने व मछली पकडऩे जाते हैं इसकी और भी कई वजहें हैं जैसे अधिकतर हमले अप्रैल-मई में हुए हैं जब मैंगोव के खिलने का समय होता है और लोग शहद एकत्र करने जंगल में जाते हैं, पर इसी मौसम में बाघिन अपने बच्चों को जन्म देती है और अत्यधिक खतरनाक होती है। इसी वजह से कई बार बाघों द्वारा मारे गए व्यक्ति की बिना खाई लाश मिलती है, वे सिर्फ मारने के लिए हमला करते हैं खाने के लिए नहीं। वन्यजीव विशेषज्ञ बताते हैं कि अधिकतर मामलों में मनुष्य को मारने वाली बाघिन अपने शावक को भी आदमखोर बना सकती है।
प्राकृतिक कारण :
अकेले रहने के आदी बाघ अपने क्षेत्र में घुसने वाले किसी भी प्राणी को बरदाश्त नहीं करते और एक बार मनुष्य को मारने के बाद उन्हें वह अपने प्राकृतिक शिकारों जंगली सूअर और हिरन की बनिस्बत काफी आसान शिकार लगता है। इसी वजह से उम्रदराज बाघ खासतौर पर आदमखोर होते पाए गए हैं। समुद्री जलस्तर के बढऩे से मैंग्रोव में मिलने वाले अपने प्राकृतिक आहार में आई कमी से भी बाघों के भोजन स्त्रोत पर काफी असर पड़ा है। अपने घटते भोजन से बाघ भी अब मानव बस्तियों तथा गाय-भैंस जैसे आसान शिकार की ओर ज्यादा आकर्षित होने लगे हैं।
बेबस जनता :
बरसों से उपेक्षित, घोर गरीबी व अशिक्षा के कारण भारत के इस मुहाने के लोग अल्पतम साधनों से बसर करते हैं। इनकी जीविका का मुख्य साधन गाय-भैंस व भेड़-बकरियाँ हैं जिन्हें चरने के लिए जंगल के किनारे छोड़ दिया जाता है जो बाघ के लिए आसान शिकार हैं। अपने क्षेत्र को चिह्नित करने में असमर्थ बाघ कई बार भटकते हुए जंगल के किनारे पहुँच जाते हैं और अगर एक बार उन्होंने इन घरेलू जानवरों का शिकार कर लिया तो फिर मनुष्य पर उनके हमले की संभावना बढ़ जाती है।
विलक्षण व्यवहार :
आमतौर पर वन्यपशु इनसानों से डरते हैं और उनका सामना करने से बचते हैं पर यहाँ के बाघों के बारे में कहा जाता है कि वे बहुत ही अधिक खूँखार हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बार बाघ बीच नदी में मछली पकड़ते मछुआरों को उनकी नौकाओं तक से खींच ले गए हैं, उनका इस कदर ताकतवर होना इसलिए भी लाजमी है कि इन्हें शिकार अकसर दलदली क्षेत्र में करना पड़ता है जिसमें बहुत ताकत की आवश्यकता होती है। सुंदरबन में ताजे पानी के स्रोत बहुत ही कम हैं और बाघों को अकसर खारा पानी पीना पड़ता है जो शायद उनके इस खूँखार व्यवहार का कारण है। पर उनके इस व्यवहार के चलते ही लोग इन जंगलों में जाते डरते हैं और इस विलक्षण प्राणी को बाघादेव मान पूजते हैं, इस वजह से अब तक सुंदरबन मानव गतिविधियों से काफी हद तक अछूता रहा है।
आमने-सामने :
पर अब हालात बिगड़ रहे हैं। प. बंगाल सरकार द्वारा हर साल 40 हजार से ज्यादा लोगो को जंगल से शहद व वनोपज एकत्र करने, मछली पकडऩे का परमिट दिया जाता है, पर पैसा कमाने के लालच में हजारों लोग अवैध रूप से इन जंगलों और तटों पर वनोपज इक_ा करने व मछली पकडऩे जाते हैं।
इसी तरह कई गाँव जैसे शमशेरनगर, कालीताला, कुलताली तथा झारखाली ठीक जंगल के किनारे पर बस गए हैं। कुछ गाँवों की दूरी तो घने जंगल से बस इतनी ही है जितनी बाघ एक छ्लाँग में पार कर ले। यह नजदीकियाँ अब बाघ व मनुष्य दोनों के लिए मुसीबतें ला रही हैं और बढ़ते टकराव के नतीजे में अब लोग 'बाघादेवÓ के खिलाफ लामबंद होने लगे हैं जिसके कारण अब बाघों की भी जान जाने लगी है।
इनसान और जानवर की इस लड़ाई में नुकसान जो भी हो, एक बात तो साफ है कि जंगल और बाघ का रिश्ता ठीक वैसा ही है जैसे जंगल और वर्षा का। दोनों में से एक का भी अनुपात बिगड़े तो पूरे पारिस्थिति तंत्र पर असर पडऩा तय है।
लगातार गरम होती जलवायु भारतीय उपमहाद्वीप में मचा सकती है भयानक तबाही। बढ़ते जलस्तर से उफनते समंदर अपनी सीमाएँ लाँघकर जमीन को अपने आगोश में लेने को बेकरार, भारत और बांग्लादेश के बीच बसे दुनिया के सबसे बड़े मैंग्रोव क्षेत्र सुंदरबन के डूबने का खतरा...
ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण बहुत से देशों के स्थानीय पर्यावरण तंत्र पर असर पडऩा शुरू हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है समुद्र तटीय इलाकों पर। समुद्र का बढ़ता जलस्तर धीरे-धीरे इन क्षेत्रों की जमीन को अपने आगोश में ले रहा है। इसका सीधा मतलब है जमीन पर रहने वाली प्रजातियों के रहवास, भोजन, प्रजनन इत्यादि का संतुलन बिगड़ रहा है।
संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 तक भारत और बांग्लादेश के बीच फैले विश्व के सबसे बड़े मैंग्रोव जंगलों में से एक सुंदरबन (जिसे स्थानीय भाषा में समुद्रबन भी कहा जाता है) ग्लोबल वॉर्मिंग के चलते 15 प्रतिशत तक पानी में डूब जाएगा। इसमें साफ तौर से आगाह किया गया है कि इसके लिए वक्त रहते कोई ठोस कार्य योजना नहीं बनाई गई तो आने वाले समय में इन क्षेत्रों की जलवायु में भी भयावह परिवर्तन झेलने पड़ सकते हैं।
यह आशंका जाहिर की गई है 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और उत्तर दिनाजपुर की जिला मानव विकास रिपोर्ट (डीएचडीआर) में जो संयुक्त राष्ट्र संघ विकास कार्यक्रम तथा पश्चिम बंगाल सरकार के विकास व नियोजन विभाग और योजना आयोग के साथ साझेदारी में जारी की गई है।
रिपोर्ट में यह तथ्य भी बताया गया है कि दक्षिण 24 परगना में सुंदरवन अत्यधिक जलवायु परिवर्तन होने से असुरक्षित है और यह अनुमान है कि क्षेत्र के 15 प्रतिशत 2020 तक जलमग्न हो जाएगा। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि सुंदरबन की उपेक्षा से जलवायु परिवर्तन पर सिर्फ भारत और बांग्लादेश ही नहीं बल्कि वैश्विक प्रभाव पड़ सकता है।
रिपोर्ट में पाया गया कि मानव विकास संकेतकों के मामले में दक्षिण 24 परगना जिले के अंतर्गत आने वाले सुंदरबन क्षेत्र में अन्य सभी क्षेत्रों के मुकाबले में सबसे खराब प्रदर्शन दर्ज किया गया।

सुंदरबन पर आई नई मुसीबत दलदली जंगल चट करते कीड़े-मकोड़े

 कोलकाता से दीपक रस्तोगी

 
तेजी से घटती जमीन और कटते जंगल, सुंदरवन में पारिस्थितिकी असंतुलन की समस्या के लिए ये दो कारण कई दिनों से गिनाए जा रहे हैं। इनकी वजह से सुंदरवन का मौसम तेजी से बदला है जिससे यहां वन्यजीव पर गहरा असर पड़ रहा है। हाल में सुंदरवन में काम कर रही वैज्ञानिकों की टीम ने पाया है कि डेल्टा वाले इलाकों में सुंदरी के वृक्ष तेजी से नष्ट हो रहे हैं। स्थानीय लोग उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं पर प्रकृति से कौन लड़े?
दरअसल, सुंदरवन पर इन दिनों अनजाने-से कुछ कीड़ों ने हमला कर दिया है। इल्ली (कैटरपिलर) और छोटे पतंगों की तरह दिखने वाले काले, भूरे और हरे रंग के इन कीड़ों की प्रजातियों की पहचान को लेकर वैज्ञानिकों में ऊहापोह की स्थिति है। पिछले तीन महीने से इन कीड़ों ने सुंदरवन के कई द्वीपों पर सुंदरी के पेड़ नष्ट कर डाले हैं। इन पेड़ों को देखकर आपको ऐसा लगेगा कि इन्हें काटा गया है और तने से छाल अलग कर दी गई है। ये कीड़े पत्तियों को कुछ इस तरह खाते हैं कि दूर से देखने पर प्रतीत होगा कि पेड़ों में आग लगाई गई हो लेकिन ध्यान से देखने पर समझ आता है कि यह कुछ तो ऐसी गड़बड़ है जिसे रोकने के लिए गहन शोध की जरूरत है। हाल में ऐसे कुछ कीड़ों को इक_ा कर कई शोध संसाधनों के पास भेजा गया है। अब तक जीओलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया या जादवपुर विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओशीनोग्राफी के विशेषज्ञ किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके हैं। वहीं यहां के विभिन्न इलाकों में वैज्ञानिकों की और भी टीमें भेजी गई हैं और इन वैज्ञानिकों ने अब अपने शोध का दायरा बढ़ा दिया है।

फिर पिछडे भारतीय विश्वविद्यालय

देश में उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए मानव संसाधन मंत्रालय काफी कुछ कर रहा है। काफी पैसे खर्च किए जा रहे हैं और नए आईआईएम और एनआईटी, आईआईटी खोले जा रहे हैं।
लेकिन क्या वाकई देश की उच्च शिक्षा उस हिसाब से प्रगति कर रही है, जैसी जरूरत है। विशेषज्ञों की नजरों में तो सुधार मुकम्मल नहीं है। साथ ही हाल में जारी हुए एक शोध पर ध्यान दें तो भारतीय उच्च शिक्षा की स्थिति उतनी मजबूत नहीं, जितनी बताई जाती है।
उच्च शिक्षा से संबंधित इस साल क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग द्वारा किए गए सर्वे में भारत की कोई भी यूनिवर्सिटी शीर्ष 300 में अपना स्थान नहीं बना पाई है। हालांकि आईआईटी, मुंबई ने कुछ लाज बचाते हुए 187वां स्थान पाया है। जबकि यह संस्थान पिछले वर्ष 163वें स्थान पर था। इस संस्थान को 100 में से 48.79 अंक मिले हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी को 371वां स्थान मिला है, जबकि यह यूनिवर्सिटी पिछले वर्ष 291वें स्थान पर थी। इस वर्ष पिछले सात सालों से पूरी दुनिया में शीर्ष पर कायम हॉवर्ड यूनिवर्सिटी को कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी ने पीछे छोड़ नबंर एक का ताज अपने नाम कर लिया है। सात साल बाद नंबर एक का ताज पहनने वाली ब्रिटिश यूनिवर्सिटी पहली गैर-ब्रिटिश यूनिवर्सिटी है। रैंकिंग में ब्रिटिश यूनिवर्सिटी ने 100 अंक लेकर हॉवर्ड यूनिवर्सिटी (99.19 अंक) को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। इसके अतिरिक्त शीर्ष 100 में एशिया की 15 यूनिवर्सिटीज ने जगह पाई है, जिसमें हांगकांग यूनिवर्सिटी शीर्ष पर है। हांगकांग यूनिवर्सिटी 87.28 अंकों के साथ 23वें स्थान पर रही। इस सर्वे में आईआईटी, मुंबई को 187वां, आईआईटी, दिल्ली को 202वां, आईआईटी, कानपुर को 249वां, आईआईटी, चैन्नई को 262वां, आईआईटी, खडग़पुर को 311वां, आईआईटी, गुवाहाटी और आईआईटी, रुड़की को संयुक्त रूप से 401वां स्थान मिला है।